संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआइएससीई) की आइएससी-12वीं की परीक्षा शुरू हो चुकी हैं। मेरठ में आइएससी परीक्षार्थियों का पहला पेपर शुक्रवार को इंग्लिश लैंग्वेज का हुआ। इसमें कथात्मक और वर्णनात्मक प्रश्नों ने कई परीक्षार्थियों को उलझाया। कुछ विद्यार्थियों ने पेपर को संतोषजनक बताया।
यह परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक कराई गई। विद्यार्थियो को निबंध लेखन और व्याकरण के सही प्रयोग पर ध्यान केंद्रित करना पड़ा। परीक्षा के दौरान बोर्ड के अधिकारियों ने निरीक्षण कर शुचिता और अनुशासन पर निगरानी रखी। बता दें कि जिले में काउंसिल की बोर्ड परीक्षा में आइएससी-12वीं में 598 परीक्षार्थी और आइसीएसई-10वीं में 1,566 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं।
काउंसिल के तहत मेरठ के कन्वीपरशिप में मेरठ, बागपत, बड़ौत, मोदीनगर, गढ़मुक्तेवर, खतौली के कुल 13 स्कूल हैं। इस वर्ष कक्षा 12वीं की कन्वीनरशिप सेंट मेरीज एकेडमी और कक्षा 10वीं की कन्वीनरशिप आल सेंट्स स्कूल के पास है।
काउंसिल की बोर्ड परीक्षा में मेरठ के स्कूलों में सेंट मेरीज एकेडमी, सोफिया गर्ल्स स्कूल, सेंट थामस इंग्लिश मीडियम स्कूल, आल सेंट्स स्कूल, सेंट पैट्रिक्स स्कूल और आरएन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थी हैं। इनके अलावा कंकरखेड़ा स्थित सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल और सेंट जेम्स स्कूल में कक्षा 10वीं के परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। काउंसिल की कक्षा 12वीं की सभी प्रमुख परीक्षाएं दोपहर बाद की पाली में दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी। वहीं 10वीं की परीक्षाएं सुबह की पाली में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।