कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, शुक्रवार को छात्रा का शोर सुनकर प्रोक्टोरियल बोर्ड के अधिकारी वहां पहुंचे तो शावेद नाम का युवक भागने लगा। छात्रा ने बताया कि शावेद ईव्ज चौराहे से उसका पीछा कर रहा था।
इससे पहले भी वह कई बार कॉलेज के बाहर उससे जबरन बात करने का प्रयास करता रहा। शुक्रवार को उसने हद ही कर दी। वह कॉलेज में पहुंच गया। इसका पता चलने पर शिक्षकों ने शोर मचा दिया। इसके बाद शावेद एक क्लासरूम में छिप गया। शोर मचने पर शिक्षक, कर्मचारी और छात्र भी एकत्र हो गए।
इसके बाद कॉलेज के दोनों गेट बंद कर दिए गए। काफी मशक्कत के बाद शावेद को पकड़ लिया गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण छात्र हंगामा करने लगे। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी तो सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी शावेद निवासी किनानगर, भावनपुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि शावेद के खिलाफ छेड़छाड़ के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संजीव महाजन ने बताया कि शावेद कॉलेज का छात्र नहीं है। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
एनएएस कॉलेज में मारपीट के मामले में एआईएमआईएम महानगर अध्यक्ष नजरबंद
एनएएस कॉलेज में मंगलवार को बहन के साथ फीस जमा करने गए युवक की पिटाई के मामले में पैदल मार्च निकालने की चेतावनी देने वाले एआईएमआईएम के महानगर अध्यक्ष इमरान को शुक्रवार को पुलिस ने नजरबंद किए रखा।
वहीं, पूरे मामले में एसपी सिटी का कहना है कि विवाद वीडियो बनाने को लेकर हुआ था, ऐसे में इसको कतई मुद्दा न बनाए जाए, अगर कोई माहौल बिगाड़ेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।