रोहटा। थाना क्षेत्र के अट्टा चिंदौड़ी गांव में मायके में अपने मासूम बेटे के साथ रह रही महिला पर ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हमला कर दिया। शोर सुनकर महिला के पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी मौके से कार में बैठकर भाग गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव अट्टा चिंदौड़ी निवासी पारुल पुत्री राजेश ने बताया कि उसकी शादी करीब दो साल पूर्व कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शोभापुर निवासी राहुल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पारुल से पांच लाख रुपये नकद और एक कार की मांग की जाने लगी। एक साल पहले विवाहिता ने बेटे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। गत नवंबर में भी में ससुरालियों ने पारुल और उसके मासूम बेटे के साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में पिता के पास रह रही थी। कुछ दिन पूर्व पारुल घर के आंगन में काम कर रही थी, तभी उसका पति राहुल, सास उर्मिला, ननद राखी और सुनीता, ननदोई विक्की, संजय और रामबीर वहां आ धमके और उसके साथ अभद्रता व मारपीट की। पारुल की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।