मेरठ में मिलावटी पेट्रोल-डीजल खुलासे के बाद शुरू हुई पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में अब नया मोड़ आता जा रहा है। एसआईटी जहां पुराने मामले की जांच में जुटी है, तो शनिवार को प्रशासन ने आगे की कार्रवाई कर तेल माफियाओं में खलबली पैदा कर दी। अब तक तेल के काले कारोबार में छोटे लोग ही फंसे थे। लेकिन शनिवार को रतिराम खूबचंद के ऑयल डिपो पर छापा मारकर केरोसिन के अवैध स्टॉक ने पूरे तंत्र को ही हिलाकर रख दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हैं क्योंकि इस ऑयल डिपो संचालक के तार प्रदेश के कई आला पुलिस अधिकारियों से जुड़े हैं।