याकूब के घर की कुर्की लेने की तैयारी, कोर्ट में दोबारा अर्जी लगाई
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के घर की कुर्की लेने की पुलिस ने तैयारी कर दी है। पुलिस कोर्ट में दोबारा से अर्जी लगाएगी। पुलिस का दावा है कि याकूब परिवार गिरफ्तार या कोर्ट में सरेंडर नहीं हुआ तो अगले सप्ताह पर कुर्की हो जाएगी। याकूब की पत्नी संजीदा बेगम से पुलिस दो बार पूछताछ कर चुकी है। अभी विवेचना जारी है।
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि कुर्की वारंट को एक महीना बीतने वाला है। पुलिस एक बार तो कोर्ट में अर्जी लगा चुकी है। इस पर निर्णय नहीं हुआ था। अब पुलिस दोबारा से कुर्की लेने के लिए अर्जी लगाने के प्रयास में है। पुलिस का दावा है कि अगले सप्ताह में याकूब के घर की कुर्की हो सकती है। इसे लेकर पुलिस तैयारी कर चुकी है।
कोर्ट की अवहेलना करने पर मुकदमा
कुर्की वारंट चस्पा करने के बाद भी याकूब और उसके दोनों बेटे पेश नहीं हुए। कोर्ट की अवहेलना करने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि याकूब और उनके दोनों बेटों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के चलते याकूब व उनके बेटों पर कार्रवाई हो रही है।