28 तक सत्यापन रिपोर्ट नहीं दी तो रुकेगा वेतन
समीक्षा बैठक में पौधरोपण सत्यापन की रिपोर्ट न देने पर डीएम ने जताई नाराजगी
-दिल्ली रोड पर निर्माण का मलबा मिलने पर जताई नाराजगी
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता मेंं पौधरोपण और पर्यावरण समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने दिल्ली रोड डिवाइडर के निकट पड़े मलबे पर गंभीर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। वर्ष 2025-26 के पौधरोपण के अंतर-विभागीय सत्यापन प्रतिवेदन की समीक्षा में पता चला कि कुछ विभागों द्वारा सत्यापन रिपोर्ट नहीं दी है। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी विभाग तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट सामाजिक वानिकी प्रभाग को उपलब्ध कराएं ऐसा न करने पर 28 नवम्बर 2025 के उपरांत संबंधित नोडल अधिकारी के वेतन पर रोक लगा दी जाएगी।
निगम को सफाई, धूल को नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम व विकास प्राधिकरण की सीमा में आने वाले निर्माण स्थलों की नियमित निगरानी पीडब्ल्यूडी द्वारा की जानी चाहिए। ग्रेप-3 के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन किसी स्तर पर अनदेखा न किया जाए। डीएम ने वर्ष 2026-27 के पौधरोपण अभियान के लिए कहा है कि पिछले वर्ष की तुलना में पौधरोपण लक्ष्य में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि अनिवार्य रूप से की जाए। बजट उपलब्ध न होने की स्थिति में भी विभाग उपलब्ध संसाधनों के अनुसार लक्ष्य प्राप्ति का प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्ष 2026-27 हेतु स्थल-चिंह्नाकन से संबंधित सूचना सभी विभाग 15 दिनों के भीतर सामाजिक वानिकी प्रभाग, मेरठ को अनिवार्य रूप से प्रेषित कर दें।