पति की शिकायत लेकर महिला थाने जा रही महिला पर दोहरी आफत टूट पड़ी। पति ने थाने के सामने ही तीन तलाक बोल दिया। पुलिस से शिकायत करने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी दे दी। महिला ने रोते-बिलखते हुए थाने में शिकायत की तो महिला पुलिस ने तहरीर पर कार्रवाई करने से ही इंकार कर दिया। गुरुवार को पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की।
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित अहमदनगर निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह करीब 14 साल पहले हुमायूं नगर निवासी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उत्पीड़न किया गया। दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल वाले मारपीट करते थे।
यह भी आरोप है कि पति के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। पारिवारिक विवाद होने पर उसने साल 2017 में दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि उसमें 26 अक्तूबर 2018 को समझौता हो गया था। लेकिन उसके बाद भी उसका उत्पीड़न किया जाता रहा।
यह भी पढ़ें: देवबंद: दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शौहर बोला- तलाक... तलाक... तलाक
आरोप है कि वह गर्भवती है। लेकिन ससुराल वालों ने विगत 28 अगस्त 2019 को मारपीट कर बच्चों के साथ उसे घर से निकाल दिया। वह तीन दिन पहले शिकायत लेकर महिला थाने गई तो पीछे-पीछे पति भी पहुंच गया। थाने के सामने ही तीन तलाक दे दिया।
यह भी पढ़ें: तीन तलाक का ‘कहर’, एक दिन में सामने आए पांच मामले, मेरठ में पति की शादी रुकवाने पहुंची पीड़िता
पीड़िता के अनुसार शिकायत करने पर महिला थाने की इंस्पेक्टर ने लिसाड़ीगेट थाने का मामला बताकर टरका दिया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/