मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवती ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि बीमारी के चलते निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। यहां रात्रि तीन बजे अस्पताल के कर्मचारी ने उसे नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं पुलिस ने युवती की शिकायत पर अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
शहर के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र निवासी एक 18 वर्षीय युवती को परिजनों ने 27 मई को हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां चिकित्सकों ने उसे बुखार बताते हुए भर्ती कर लिया, वहीं युवती को रात के वक्त आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।
युवती का आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारी ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि अगले तीन दिन तक कर्मचारी उसे बदनाम करने की धमकी देकर डराता रहा और उसे पुलिस में शिकायत न करने की भी धमकी दी।
रविवार को युवती अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंच गई लेकिन उसने डर के कारण परिजनों को कुछ नहीं बताया। वहीं बुधवार को पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी कर्मचारी व अस्पताल के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।