सोतीगंज के 15 और कबाड़ियों की खुलेगी हिस्ट्रीशीट
मेरठ। सोतीगंज के कबाड़ियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 48 कबाड़ियों की तो पहले ही हिस्टीशीट खोली जा चुुकी है, अब 15 अन्य कबाड़ी रडार पर हैं। उनकी भी जल्द हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। वहीं अबरार कबाड़ी की सरेंडर अर्जी पर नौ दिसंबर को सुनवाई होगी।
सदर बाजार पुलिस अब तक 22 कबाड़ियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर चुकी है, जबकि 48 की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। अब 15 और कबाड़ी पर हिस्ट्रीशीट लगाने की तैयारी है। सोतीगंज में मुखबिर तंत्र को भी पुलिस ने अलर्ट कर दिया है, ताकि वाहन कटे तो तुरंत सूचना मिल जाए। कुछ कबाड़ियों ने तो फिलहाल कटान भी बंद कर रखा है।
इसके अलावा अबरार कबाड़ी के खिलाफ गैंगस्टर के मामले की जांच कर रहे लालकुर्ती थाने के विवेचक अतर सिंह ने बताया कि नौ दिसंबर की तारीख लगी है। यदि आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।