मेरठ। जिनके हौसलों में उड़ान होती है, परिस्थितियां भी उनके सामने झुक जाती हैं। मन में कुछ करने का जज्बा हो तो ईश्वर भी उनके लिए रास्ते खोल देते हैं। मोदीनगर के सीकरी निवासी मोंटू कुमार का एक वर्ष पूर्व ट्रेन हादसे में मोंटू का पैर कट गया था। इसके बावजूद मोंटू अकेला ही हरिद्वार से जल लेकर मोदीनगर जा रहा है।
मोदीनगर के सीकरी निवासी 25 वर्षीय मोंटू कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करता है। एक वर्ष पूर्व वह मोदीनगर स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आ गया था। गंभीर हालत में मोंटू को पुलिस व अन्य लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मोंटू के सीधे पैर को घुटने तक काट दिया था। मोंटू ने बताया कि उसके पिता का नाम ओमवीर व मां का नाम कुसुम था। हादसे के बाद वह लगभग चार महीने तक बिस्तर पर रहा था। उसके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। मोंटू ने बताया की ट्रेन हादसे व माता-पिता की मौत से वह टूट गया था। उसने भगवान शिव से सही होने पर हरिद्वार से पैदल जल लाने की मन्नत मांगी है। वह 10 जुलाई को हरिद्वार पहुंच गया था।