संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से किनौनी गांव के सामने बने अस्थायी पुल पर शुक्रवार देर शाम पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। पुल के ऊपर से बह रहे पानी में बाइक सवार दो युवक फंस गए। तेज बहाव में उनकी बाइक बहने लगी। युवकों ने किसी तरह बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई और शोर मचाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नदी के बहाव में फंसी बाइक को बाहर निकाला। पुलिस ने एहतियातन पुल से आवागमन बंद करा दिया।
बागपत निवासी दो युवक शुक्रवार को किसी काम से बाइक से मेरठ आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से बागपत लौट रहे थे। किनौनी गांव के सामने हिंडन नदी पर बने अस्थायी पुल पर पानी का बहाव शुरू हो चुका था। इसके बावजूद दोनों पुल पार करने लगे। तेज बहाव की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर बहने लगी।
दोनों युवक बाइक से कूदकर बाहर आ गए और मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बाइक को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा को देखते हुए पुल से लोगों का आवागमन रोक दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को पानी का बहाव कम होने तक पुल पार नहीं करने की हिदायत दी।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तेज बहाव में बागपत के दो युवकों की बाइक बह गई थी। ग्रामीणों की मदद से बाइक को बाहर निकालकर युवकों को सौंप दिया गया है। जलस्तर और बहाव को देखते हुए फिलहाल पुल पर आवागमन बंद कराया गया है।