- एसडीएम के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के पदाधिकारियों की एसडीएम से नोकझोंक हो गई। इससे नाराज संगठन के कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के तुरंत निस्तारण की मांग की। एसडीएम के आश्वासन और कौल-मुबारिकपुर रोड पर पैमाइश कराए जाने के बाद धरना समाप्त किया।
धरने पर बैठे भाकियू अराजनीतिक के जिलाध्यक्ष कालू प्रधान के नेतृत्व में तहसील अध्यक्ष नीरज राठी एवं पूर्व जिला महासचिव कुलदीप चौधरी तिगरी आदि कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहा है। संगठन ने अपनी मांगों के निस्तारण को लेकर पूर्व में तैयार ज्ञापन में विभिन्न गंभीर मुद्दों को उठाया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न होने पर एसडीएम ने भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारियों से वार्ता की और समस्याओं का निस्तारण एक सप्ताह में करने और कौल-मुबारिकपुर रोड की पैमाइश तुरंत कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त किया। इसके बाद कौल-मुबारिकपुर रोड पर पहुंचकर रास्ते, खेत, ओवरहेड टैंक की भूमि की पैमाइश लेखपालों की टीम ने की। सोमवार को लेखपाल अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेंगे। धरने में शौसिंह, मित्रसैन, सरवेंद्र, साजिग इलाही, सुरेंद्र चौहान, जयविंद्र, मुस्तकीम, शुभम चाहल, मामचंद, नवीन राठी, हिमांशु, कृष्ण, दिनेश, बबली आदि शामिल रहे।
भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों से एसडीएम को होती नोंकझोंक। (मवाना)