कुराली में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाया कैंप
बुखार के 140 मरीजों की जांचकर दवाईयां बांटीं
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द।
गांव कुराली में बुखार से पांच लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की और दवाईयां बांटीं। वहीं विधायक जितेन्द्र सतवई ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
गांव में छह लोग डेंगू बुखार से पीड़ित है। ग्रामीणों के अनुसार, पांच लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग मौत का कारण सामान्य बीमारी बता रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। सीएचसी प्रभारी महेश चन्द्रा ने बताया कि बुखार पीड़ित 140 लोगों की जांच कर दवा दी गई। जांच में किसी भी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। वहीं क्षेत्रीय विधायक ने मृतकों के परिवारों से मिलकर सरकार की तरफ से मिलने वाली सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आयुष्मान कार्ड धारक बीमार लोगों का निजी अस्पताल में उपचार नहीं करने की शिकायत की। विधायक ने उनकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अमरीश चौहान, राजेश, पकंज चौहान, अनवार कुरैशी, विनोद गेझा, अभिमन्यु आदि मौजूद रहे।
बुखार के मरीजों में इजाफा, सीएचसी पर भीड़
परीक्षितगढ़। क्षेत्र में लगातार बुखार के मरीजों में इजाफा हो रहा है। सीएचसी पर रोजाना दर्जन भर से अधिक बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। डॉ. किरण सक्सेना ने बताया कि बीते दो सप्ताह से ओपीडी में बुखार पीड़ितों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस समय कोरोना से ज्यादा डेंगू का प्रकोप है। उपचार के साथ मरीजों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और आसपास सफाई रखने की हिदायत दी जा रही है। डॉ. अणिमा गुप्ता ने बताया कि डेंगू से बचने के लिए अपने आसपास सफाई रखना बहुत जरूरी है। बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराएं। बिना चिकित्सक की सलाह के दवा न लें। मंगलवार को सीएचसी पर करीब 300 मरीजों की जांच की गई।