मेरठ। शेमान मुठभेड़ कांड में कंकरखेड़ा पुलिस की गर्दन फंसते ही हेडकांस्टेबल कुलवंत सिंह का मेरठ से बुलंदशहर ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बिजेंद्र सिंह पर भी जांच बैठा दी गई है। पूरे प्रकरण की जांच गैर जनपद के एसपी रैंक के अधिकारी से कराने की तैयारी है।
टेहरकी सरधना निवासी शेमान खान (20) पुत्र इसरार को बीती 17 अक्तूबर को पुलिस ने मुठभेड़ बताकर तीन गोलियां मारी थीं। शेमान के परिजनों ने इसे फर्जी मुठभेड़ बताकर मुख्यमंत्री व डीजीपी से शिकायत की थी। आरोप था कि पुलिस की गोली से शेमान अपाहिज हो गया है। इस मुठभेड़ में शामिल बताए गए हेडकांस्टेबल कुलवंत को मामला चर्चाओं में आने के बाद कंकरखेड़ा थाने से हटाकर साइबर सेल भेज दिया था। चार दिन पहले डीजीपी ने इस प्रकरण की रिपोर्ट मांगी थी, जिस पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा को तलब किया था। रविवार को बताया गया कि पूरे मामले में हेडकांस्टेबल कुलवंत की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसे बुलंदशहर ट्रांसफर कर दिया गया। वहीं, इस मामले की जांच गाजियाबाद या हापुड़ से एसपी से कराई जाएगी।