हज के लिए आवेदन की तिथि 15 फरवरी तक बढ़ी
मेरठ। हज यात्रा पर जाने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने ऑनलाइन हज आवेदन की तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 15 फरवरी कर दी है। उत्तर प्रदेश से इस बार 7,182 आवेदन आए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा मुरादाबाद से 478, लखनऊ से 433, बरेली से 316 व मेरठ से 265 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि आम तौर पर उत्तर प्रदेश से 65 से 70 हजार आवेदन होते थे।
अल इकराम हज टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक हाजी इकराम अहमद ने बताया कि पिछले दो साल से हज यात्रा नहीं हुई है। ऐसे में लोगों को कोरोना के कारण इस बार भी हज यात्रा प्रभावित होने का खतरा है। मेरठ से दो हजार तक आवेदन होते थे, जो घटकर 265 रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि उमरा के लिए सऊदी अरब सरकार ने 15 दिन से बढ़ाकर 20 दिन कर दिए हैं। उमरा पर जाने वालों को पहले पांच दिन क्वारंटीन रहना होगा। इससे उन पर 35 हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। अभी तक 80 से 90 हजार रुपये लगते थे, अब उमरा करीब 1.15 लाख में होगा। शादाब हज टूर एवं ट्रेवल के संचालक हाजी शादाब चौधरी ने कहा कि आवेदन के लिए समय बढ़ने से लोगों को लाभ मिलेगा।