संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। 22 यूपी गर्ल्स गर्ल्स बटालियन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स वेस्टर्न रोड में हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की करीब 550 एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स भाग ले रही हैं।
कैंप कमांडेंट कर्नल होपेंद्र ठाकुर ने अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और अपने उद्देश्य पर निरंतर फोकस आवश्यक है। कर्नल ठाकुर ने बताया कि शिविर के दौरान एनसीसी कैडेट्स को ए, बी और सी सर्टिफिकेट परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए सैन्य विषयों के साथ सामान्य ज्ञान और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप के लिए प्रतिभागियों का चयन भी इसी शिविर में किया जाएगा।
शिविर में रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, डीएन डिग्री कॉलेज, शहीद मंगल पांडे डिग्री कॉलेज, आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, आरजी इंटर कॉलेज, श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ गर्ल्स स्कूल, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, बालेराम बृजभूषण इंटर कॉलेज, इस्माइल गर्ल्स इंटर कॉलेज, मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स, सेंट थॉमस इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, दुर्गाबाड़ी इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज मवाना समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों की कैडेट्स प्रतिभाग कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, फायरिंग, आपदा प्रबंधन और अन्य सैन्य गतिविधियों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।