स्कूल में मिनी बस से कुचलकर यूकेजी
के छात्र की मौत पर भड़का आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर (बागपत)। पांची-चमरावल रोड स्थित रॉयल कान्वेंट इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार सुबह मिनी बस से कुचलकर यूकेजी के छात्र आयुष (6) की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने बस और स्कूल प्रबंधक की गाड़ी में तोड़फोड़ की। कार्रवाई के लिए चमरावल-पांची मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने स्कूल को सील करा दिया है। स्कूल प्रबंधक और बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
आयुष चमरावल निवासी किसान अरुण का पुत्र था और हादसे के वक्त वह कक्षा में जा रहा था। चालक बस को पीछे हटा रहा था। इसी दौरान छात्र बस के नीचे आ गया। इसकी सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और अभिभावकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जाम के दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। डीएम राजकमल यादव, एसपी नीरज कुमार जादौन समेत एसडीएम, सीओ व कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। आयुष के चाचा केशव ने मिनी बस चालक रामकिशन निवासी गौना व स्कूल प्रबंधक एसबी यादव निवासी सुराना थाना मुरादनगर गाजियाबाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया।
आठवीं तक की मान्यता पर चल रहा 12वीं तक स्कूल
डीएम राजकमल यादव ने स्कूल में पहुंचकर बीएसए को जांच के आदेश दिए तो पता चला कि स्कूल की केवल छठी से आठवीं तक की मान्यता है। जबकि वहां नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं चलाई जा रही थी। इसके बाद स्कूल पर सील लगा दी गई।
सात साल पहले खत्म हो गई थी बस की फिटनेस
मोदीनगर गाजियाबाद में स्कूल के गेट से टकराकर बस सवार छात्र की मौत के बाद भी परिवहन विभाग के अधिकारी और स्कूल संचालक नहीं जागे हैं। जिस बस से हादसा हुआ उस बस के पास स्कूल बस का परमिट नहीं था। उसकी फिटनेस भी सात साल पहले खत्म हो गई थी। इसके बावजूद बस से बच्चों को स्कूल ले जाया जा रहा था। परिचालक भी नहीं था और बिना पीछे देखे चालक बस पीछे हटा रहा था।
पांची-चमरावल मार्ग स्थित रायल कॉन्वेंट इंटर कालेज में बस की चपेट में छात्र आयुष की मौत के बाद जां?- फोटो : BAGHPAT
बागपत हादसा ::::::::: मृतक छात्र आयुष का फाइल फोटो।- फोटो : BAGHPAT
पांची-चमरावल मार्ग स्थित रायल कॉन्वेंट इंटर कालेज में बस की चपेट में छात्र आयुष की मौत के बाद पुल?- फोटो : BAGHPAT