रविवार को अमर उजाला ने नवीन सब्जी मंडी से थोक और शहर के माधवपुरम, घंटाघर, साकेत, कंकरखेड़ा, शास्त्रीनगर, गंगानगर और मोदीपुरम की कालोनियों में से फुटकर सब्जियों के भाव जाने। जैसा इलाका वैसा ही सब्जियों का भाव मिला।
साकेत और शास्त्रीनगर गोल मार्केट क्षेत्र में पालक 60-70 रुपये किलो मिला। वहीं गंगानगर में पालक 60 रुपये किलो तक बिका।
सरसों के साग के भाव भी आसमान पर हैं। सरसों का साग भले ही नवीन सब्जी मंडी में थोक में 15-17 रुपये किलो हो, लेकिन फुटकर बाजार में 40 रुपये किलो पहुंच गया। इसके चलते साग का स्वाद महंगा हो गया है।
बिगड़ रहा रसोई का बजट
घर के राशन से लेकर सब्जी तक सब महंगा हो गया है। घर का बजट बिगड़ रहा है। पहली बार सर्दियों में हरी सब्जियां इतनी महंगी है। लहसुन के दाम तो आसमान छू रहे हैं। - कल्पना वैशला, नेहरू नगर, गढ़ रोड
फुटकर में और महंगी हो जाती है सब्जियां
प्याज, साग, टमाटर और लहसुन सभी काफी महंगे हैं। मंडी से अधिक रेट में फुटकर में बेचे जा रहे हैं। यहां गलियों से अधिक रेट पर सब्जियां खरीदने के लिए मजबूर हैं। - रूपाली कंबोज, गांधीनगर, गढ़ रोड
सब्जी और भाव
सब्जी थोक फुटकर
पालक 25 60
मैथी 30 60
बथुआ 30 60
सरसों 20 40
टमाटर 30 50
मटर 30 45
धनिया 30 70
लहसुन 350-400 500
गाजर 30 40
गोभी 30 40
बैंगन 40 60