मेरठ में सरधना थाना क्षेत्र के गांव दबथुवा में छोटी होली पर देर रात शराब के नशे में युवक ने अपने बाबा के साथ मारपीट कर दी। कहासुनी होने के बाद पीट-पीटकर अधेड़ की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और मृतक का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार यहां दबथुवा निवासी अशोक वाल्मीकि पुत्र समय सिंह बृहस्पतिवार को अपने पोते के साथ घर में बैठे शराब पी रहे थे। उन दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सागर पुत्र मनोज ने अपने बाबा को ईंट और सिलेंडर से पीट-पीटकर कर घायल कर दिया। बाहर जाते समय उसके कपड़े खून से सने देखकर मोहल्ले के लोगों ने उससे पूछा तो उसने कुछ नहीं बताया।
आरोपी सागर शराब के नशे में धुत था। वहीं उपचार के दौरान अशोक की मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। घर में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।