‘देश में निजीकरण करना चाहती है सरकार’
रोहटा/मवाना। 27 फरवरी को भैंसा गांव में होने वाली किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए रालोद पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क किया।
रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह के नेतृत्व में रसूलपुर जाहिद, कल्याणपुर, किनौनी आदि गांवों में जनसपंर्क किया गया। उन्होंने किसानों से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार देश में निजीकरण करना चाहती है। अगर सरकार रेलवे, सरकारी स्कूल सब कुछ बेच देगी तो सरकारी नौकरी कहां से आएगी। अगर सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी तो संविधान में जो आरक्षण का अधिकार है वह भी खत्म हो जाएगा क्योंकि निजी कंपनी मालिक किसी को आरक्षण क्यों देंगे? बैठक के बाद रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह के पत्र ‘चलो गांव की ओर, मेरा संगठन आपके द्वार’ गांव में सभी को वितरित कर उनके काम व उपलब्धियां बताई। इस दौरान राजकुमार त्यागी, कुलवंत सोलंकी, कुलदीप हुड्डा, सौबीर सिंह प्रधान, यतेंद्र सिंह, रोहताश, रणबीर सिंह, अजब सिंह, चरणपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं मवाना के बना, फिटकरी आदि गांवों में जनसंपर्क किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव ने कहा कि किसानों का एक ही धर्म है वो है किसानी। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा के साथ राष्ट्रीय सचिव जिला मेरठ चुनाव प्रभारी तेजपाल सिंह, सतवीर, नीटू आदि मौजूद रहे।