डांट के डर से स्कूल की बजाय जंगल में पहुंचा छात्र
मवाना। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र प्रोजेक्ट का काम पूरा न होने पर डर के मारे स्कूल नहीं पहुंचा। दोपहर में बेटे के स्कूल से नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसने पिता को चिंता न करने का मेसेज भी किया था। बेटे के नहीं मिलने पर पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से छात्र को बरामद कर लिया।
तिगरी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसका बेटा मवाना स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को स्कूल से नहीं लौटने पर उसकी तलाश में स्कूल पहुंचा। उसके मोबाइल नंबर से मेसेज आया कि पापाजी मेरी चिंता मत करना मैं ठीक हूं। मुझे कहीं तलाश भी नहीं करना। पिता का कहना है कि उसके बेटे को मेसेज टाइप करना नहीं आता है। उसे शक है कि उसके साथ में उसका कोई साथी भी हो सकता है। उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि बच्चे के मोबाइल नंबर को सर्विलांस लगाया गया, जिसके माध्यम से बच्चे को सकुुशल गांव कौल के जंगल से बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि अध्यापक ने प्रोजेक्ट दिया था, उसे पूरा नहीं कर सका था। जिस कारण स्कूल न जाकर वह जंगल में चला गया था। उसे डर था कि पिता उसकी पिटाई करेंगे। इसलिए उसने इस प्रकार के मेसेज किए थे। बच्चे को परिवार को सौंप दिया गया।