हाजी गल्ला के दो साल से सील पडे़ गोदाम से 450 गाड़ियां कहां गायब हो गई। इसी गोदाम में दो साल पहले तत्कालीन एएसपी कैंट अभिषेक सिंह ने छापा मारकर करीब 500 गाड़ियों की बॉडी और पार्ट्स पकड़े थे। जिसमें पांच गाड़ी तो हरियाणा व दिल्ली से चोरी होने की पुष्टि हुई थी। हाजी गल्ला और उसके बेटे जेल भी गए थे। पुलिस ने गोदाम सील किया था। बृहस्पतिवार को गोदाम से मात्र 50 गाड़ी की बॉडी मिली है।
हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला चोरी, लूट की गाड़ियां काटता है। गल्ला पर शिकंजा कसने के लिए दो साल पहले तत्कालीन एएसपी अभिषेक सिंह ने सोतीगंज पर बड़ी कार्रवाई की थी। वेस्ट एंड रोड पर गल्ला के गोदाम पर अभिषेक ने छापा मारा था, जहां पर करीब 500 गाड़ियाें की बॉडी मिली थी। इसे बाद पुलिस ने एक एक कर गल्ला समेत आठ लोगों को जेल भेजा था।
उक्त कार्रवाई में गल्ला दो बार जेल जा चुका है। दो तीन महीने पहले ही हाजी गल्ला जेल से छूटकर बाहर आया है। प्रदेश में योगी सरकार बनी तो पुलिस को हाजी गल्ला फिर से याद आ गया। बृहस्पतिवार दोपहर को गल्ला के गोदाम पर पुलिस ने छापा मारा। गाड़ियां कहां गई, इस पर पुलिस जांच करने की बात कह रही है।