कंटेंट क्रिएटर हैं गीतांजलि, शिक्षा क्षेत्र में सेवा करना चाहती हैं जानशी
नोएडा निवासी गीतांजलि शर्मा पढ़ाई के साथ कंटेंट क्रिएशन का काम करती हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं। उनके पिता कृपा शंकर शर्मा और माता मीरा शर्मा हैं। गीतांजलि का लक्ष्य ऐसा काम करना है, जिससे उनके माता-पिता को उन पर गर्व हो। वह समाजसेवा भी करना चाहती हैं।
फफूंडा निवासी जानशी के पिता राजीव कुमार किसान होने के साथ राजनीति से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता सविता गृहिणी हैं। जानशी का लक्ष्य शोध उपाधि प्राप्त कर प्राध्यापक बनना है। वह शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करना चाहती हैं।
यह भी पढ़ें: कृषि विवि दीक्षांत समारोह: राज्यपाल बोलीं-सपनों को दें उड़ान, किसानों के साथ बढ़ेगा देश का सम्मान
मेरठ कॉलेज की हादिया जैदी ने जीते तीन स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में मेरठ कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों का भी शानदार प्रदर्शन रहेगा। एमएससी भौतिकी की छात्रा हादिया जैदी ने सर्वाधिक उपलब्धि हासिल करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्हें पुष्पलता स्वर्ण पदक, प्रकाशवती दयाल स्वर्ण पदक और कुलपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
विधि में स्नातकोत्तर की छात्रा मुक्ता भारद्वाज को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और कुलपति स्वर्ण पदक दिया जाएगा। शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान के छात्र कशिश ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया है।
खाद्य एवं पोषण विज्ञान में अरलीन कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है, जबकि इसी पाठ्यक्रम की पूजा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। गृह विज्ञान की छात्रा अफीफा और साइबर अपराध एवं विधि में स्नातकोत्तर डिप्लोमा की छात्रा फाल्गुनी शर्मा ने भी अपने-अपने पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीते हैं।
प्रोफेशनल विभाग में नए विभागाध्यक्ष नियुक्त
मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर युद्धवीर सिंह ने प्रोफेशनल विभाग की बैठक में विभिन्न पाठ्यक्रमों के नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की। डॉ. सुधीर शर्मा को जैव प्रौद्योगिकी विभाग, डॉ. रविश कुमार को एकीकृत विधि, डॉ. विपिन बालियान को शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान, डॉ. अपर्णा चौधरी को गृह विज्ञान और डॉ. नैन्सी शर्मा को कंप्यूटर विज्ञान विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
पदक विजेताओं को सुबह 8:20 बजे तक पहुंचना होगा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 22 जुलाई को होने वाले 38वें दीक्षांत समारोह के लिए पदक विजेता विद्यार्थियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सभी पदक विजेताओं को सुबह 8:20 बजे तक नेताजी सुभाष चंद्र प्रेक्षागृह में उत्तरीय धारण कर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
विद्यार्थी सुबह 7:30 बजे से 8:15 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित शिक्षा विभाग से दीक्षांत समारोह का उत्तरीय प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय से पहले पहुंचने का आग्रह किया है।