ससुराल जा रही महिला से दुष्कर्म, पुलिस सीमा विवाद में उलझी
मोदीनगर। मुरादनगर निवासी एक महिला शनिवार शाम सिखेड़ा रोड स्थित एक गांव में मायके आई थी। परिजनों से मिलकर महिला रविवार सवेरे अकेले पैदल ससुराल लौट रही थी। जैसे ही वह सिखेड़ा रोड स्थित सुनसान इलाके मेें खेतों के समीप पहुंची, तभी एक अज्ञात व्यक्ति महिला के पास आया और उससे कुछ पूछने लगा। आरोप है कि इसी बीच मौका देखकर आरोपी महिला को जबरन खींचकर गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
वारदात के बाद बेसुध महिला जब तक अपने को संभाल पाती, तब तक एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंच गया तथा उसने भी महिला की आबरू लूटने का प्रयास करते हुए उसके कपडे़ फाड़ दिए। पीड़िता ने किसी तरह साहस करके शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी अपने को घिरता देख वहां से भाग गया। डरी सहमी महिला किसी तरह थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई।
इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वहीं, जांच अधिकारी दरोगा रामवीर सिंह का कहना है कि घटनास्थल निवाड़ी थाना क्षेत्र का है। किंतु महिला की शिकायत के बाद छानबीन की गई। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।