ओवरटेक कर रही बस ने छात्र को
कुचला, लोगों ने एक घंटे लगाया जाम
मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में कक्षा नौ के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-मेरठ रोड को एक घंटे तक जाम रखा और बस चालक की गिरफ्तारी मांग कर हंगामा किया। लोग मुआवजे की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर रोड से हटाया।
मुरादग्राम पुर्सी निवासी हिमांशु उर्फ गुल्लू (18) पुत्र देवेंद्र कुमार कक्षा नौवीं का छात्र था। परिवार में मां बबीता, दो भाई विकास व गौरव हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे हिमांशु गांव निवासी रवि पुत्र रामलाल के साथ बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। दिल्ली-मेरठ रोड पर प्रिया सिनेमा के पास कौशांबी डिपो की रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हिमांशु बस के पहिये के नीचे आ गया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रवि घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने मुआवजे व बस चालक की गिरफ्तारी की मांग कर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एसओ सतीश कुमार वहां पहुंचे। एसओ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब 4:55 बजे लोगों ने जाम खोल दिया। मोदीनगर पुलिस ने सूचना पर कादराबाद गांव के पास बस चालक को पकड़ लिया।