प्रधान पति ने बाथरूम में खुद को गोली मार आत्महत्या की
मोदीनगर। निवाड़ी क्षेत्रांतर्गत सिखैड़ा हजारी गांव के प्रधान पति मनोज कुमार ने बृहस्पतिवार शाम बाथरूम में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद तमंचा कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मनोज कुमार डिप्रेशन में थे, जिसका इलाज भी चल रहा था।
सिखैड़ा हजारी गांव निवासी मनोज कुमार (42) की पत्नी विमलेश बीते दिनों हुए पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम को घर पर मनोज कुमार, उनकी पत्नी विमलेश और दो बेटे मौजूद थे। मनोज कुमार एकाएक बाथरूम में गए और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो बाथरूम में मनोज का लहूलुहन शव देख चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर निवाड़ी थाना प्रभारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम बुला ली। सीओ मोदीनगर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक परिजनों ने बताया कि मनोज कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। उनका इलाज भी चल रहा था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। मौके पर तमंचा व पांच कारतूस मिले जिन्हें कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तीन बार पहले भी कर चुके आत्महत्या का प्रयास
पुलिस का कहना है कि मनोज कुमार पहले भी तीन बार आत्महत्या की कोशिश कर चुके हैं। दो बार गंगनहर में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने सकुशल बचा लिया। इसके अलावा एक बार घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उस वक्त परिवार के लोग मौके पर आ गए थे, जिन्होंने बचा लिया था।