कार मैकेनिक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मोदीनगर। नगर के शाहजहांपुर गाव निवासी विपिन की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों को विपिन का शव एक अस्पताल में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। दो दिन बाद विपिन की बहन की बारात आनी है।
शाहजहांपुर गांव निवासी सुंदर का पुत्र विपिन 28 मोदीनगर में कार मैकेनिक था। बताया गया कि सोमवार सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से गया, मगर देर रात तक वापस नहीं लौटा। सुंदर ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे के आसपास पुलिस ने उन्हें विपिन की हालत नाजुक होने की सूचना दी। जानकारी के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां विपिन का शव मिला। सुंदर के मोबाइल का सिम तथा जूते व जैकेट गायब है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। विपिन किसी परिचित के साथ था। उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में अभी हत्या जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है।