फीस जमा करके घर लौट रहे छात्र को बस ने कुचला
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मोदीबाग के समीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कॉलेज से फीस जमा कर घर लौट रहे बीकॉम के छात्र शाकिब को कुचल दिया। हादसे में शाकिब की मौके पर ही मौत हो गई तथा पास खड़ा चचेरा भाई जावेद घायल हो गया। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर हंगामा किया।
भोजपुर के कलछीना गांव निवासी कदीर का सबसे छोटा पुत्र शाकिब 19 नगर के राम मनोहर लोहिया कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। बताया गया कि मंगलवार को शाकिब कॉलेज फीस जमा करने के लिए गया था। वह अपने चचेरे भाई जावेद के साथ बाइक द्वारा कॉलेज से लौट रहा था। इसी बीच मोदी बाग के पास हादसा हो गया। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर यातायात सामान्य कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।