सुशील शर्मा हत्याकांड : दोस्तों ने शराब की बोतल से गला रेत कर की थी हत्या
मोदीनगर। कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी सुशील शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने छह दिन बाद शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुरानी रंजिश और उधारी न चुकाने पर उसके दोस्तों ने 24 जुलाई को शराब की बोतल से गला रेतकर उसकी हत्या कर शव रोरी के जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतक का पर्स और आधार कार्ड का बरामद किया है। हत्याकांड में एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक सुशील शर्मा की गोल्डी उर्फ परविन्द्र निवासी कृष्णापुरी तथा गौरव निवासी बिसोखर संतपुरा से गहरी दोस्ती थी। करीब एक साल पहले सुशील का किसी बात को लेकर परविन्द्र से विवाद हो गया था। जिससे गुस्साए सुशील शर्मा ने परविन्द्र के घर का बिजली का मीटर तहस नहस कर दिया था। इस बात से खफा परविन्द्र सुशील से रंजिश रखने लगा था। इसके अलावा सुशील ने गौरव से भी 15 हजार रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह लौटा नहीं रहा था। 24 जुलाई को परविन्द्र और गौरव षड्यंत्र के तहत सुशील को रोरी के जंगल ले गए और वहां तीनों ने शराब पी। इस दौरान उनका फिर विवाद हुआ और सुशील के नशे मे हो जाने पर परविन्द्र और गौरव ने शराब की खाली बोतल तोड़कर गला रेतकर सुशील की हत्या कर दी और शव ईख के खेत में फेंककर दोनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर आरोपी परविन्द्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतक सुशील के दस्तावेज बरामद कर लिए। आरोपी परविन्द्र नोएडा स्थित एक लैब में कार्य करता है और घटना को अंजाम देने के बाद वहां जाकर छुप गया था। जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई थी। एक अन्य आरोपी गौरव अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। एसएचओ मुनेन्द्र सिंह का कहना है कि गौरव को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।