भोजपुर में रोडरेज में खूनी संघर्ष, दस गिरफ्तार
मोदीनगर। भोजपुर के सैदपुर गांव में शुक्रवार रात रोडरेज में खूनी संघर्ष हो गया। काफी देर तक दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी बलवाई झगड़ते रहे। पुलिस ने सख्ती दिखाकर बलवाइयों को खदेड़ा। पुलिस ने मामले में 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मेरठ के कस्बा सिवालखास निवासी कुछ लोग शुक्रवार रात मिनी बस से खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग होते हुए किठौर जा रहे थे। बस जैसे ही मोहिउद्दीनपुर फाटक के समीप पहुंची तभी अनियंत्रित हो गई और एक कार से जा टकराई। टक्कर के बाद बस और कार सवारों में बहस होने लगी। दोनों पक्षों में विवाद में हो गया। मामला बढ़ा तो कार सवार वहां से रवाना हो गए और अपने गांव सैदपुर के सामने कार खड़ी कर बस रोक ली। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट होने लगी। सूचना के बाद कार सवार युवक और बस सवारों के रिश्तेदार लाठी डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ।
एएसपी मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस ने सुहैल, आरिफ, इमरान, रफीक, इखलाक, शाहआलम, नफीश सभी निवासी सिवालखास मेरठ तथा अबरार निवासी लिसाड़ी गेट दिलशाद निवासी हापुड़ और आमिर निवासी सैदपुर भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।