तमंचे के साथ बना वीडियो दोस्तों ने किया वायरल, गिरफ्तार
मोदीनगर। तमंचे के साथ एक युवक को वीडियो उसके दोस्तों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि दोस्तों पर रौब गालिब करने के लिए युवक ने वीडियो बनाया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचे के साथ वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। वीडियो में युवक तमंचे का प्रदर्शन कर रहा है। पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद वीडियो की जांच की। एसएचओ का कहना है कि जांच में पता चला कि वीडियो में व्यक्ति कृष्णानगर कॉलोनी निवासी हिमांशु है। पुलिस ने हिमांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तमंचे को तलाश रही है।