संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव रार्धना अक्खेपुर के पास हुई रोहित उर्फ सोनू कश्यप की हत्या के मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (दिव्यांगजन) एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप हाईवे पर स्थित दादरी गांव में उसके ज्वालागढ़ निवासी रिश्तेदारों से मिले। घटना के दिन रोहित ज्वालागढ़ अपनी मौसी से मिलने जा रहा था।
पुलिस प्रशासन ज्वालागढ़ से रोहित की मौसी मदनवती, मौसा सोमपाल, मौसा के भाई इंद्रपाल व अन्य को लेकर एनएच-58 स्थित गांव दादरी के पास होटल में लेकर पहुंचा और उनकी मंत्री नरेंद्र कश्यप से मुलाकात कराई। मंत्री ने उसके रिश्तेदारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष और गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार न्याय और कानून के आधार पर कार्य कर रही है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी कानून से नहीं बच पाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही सरकार
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने मृतक के परिजनों को निजी तौर पर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। आश्वासन दिया कि सरकारी स्तर से मिलने वाली सभी सुविधाएं और सहायता भी परिवार को दिलवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराध करने वालों को सजा मिलेगी और पीड़ितों को न्याय मिलेगा। सोनू हत्याकांड और मेरठ में हुई महिला की हत्या के मामले में विपक्ष की सक्रियता पर मंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल माहौल गर्म करने और राजनीतिक लाभ उठाने के उद्देश्य से घटनास्थल का रुख कर रहा है, जबकि वह न तो परिवारों के प्रति संवेदनाएं दिखा रहा है और न ही किसी प्रकार की मदद करने की पहल कर रहा है।