संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सपा के पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। जिसमें रोहित कश्यप उर्फ सोनू के हत्यारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि ने बताया कि रोहित कश्यप जिला मुजफ्फरनगर के निवासी आबकारी मोहल्ला का रहने वाला था। वह मुजफ्फरनगर से मेरठ अपनी रिश्तेदारी में सरधना विधान सभा के गांव ज्वालागढ आ रहा था। जिस टेंपो में वह बैठा था उसके चालक को रोहित के पास पैसों की जानकारी हो गई। इस कारण टेंपो चालक की नीयत में खोट आ गया और लालचवश अपने साथियों को बुलाकर रोहित की हत्या कर शव जला दिया। इस घटना से कश्यप समाज में आक्रोश है।
पीड़ित परिवार बार-बार प्रशासन से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। किंतु अभी तक पुलिस प्रशासन ने हत्यारोपियों के खिलाफ कोई उचित कार्रवाई नहीं की है। मात्र एक नाबालिग को जेल भेजकर खानापूर्ति की गई है। ज्ञापन में पीड़ित परिवार की गरीबी हालत को देखते हुए उसके परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता की जाए, साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।