उधम सिंह के चार साथियों पर गैंगस्टर
मेरठ। कुख्यात उधम सिंह गिरोह के चार साथियों पर पुलिस ने गैंगस्टर लगा दी। इसमें एक आरोपी उधम के साथ बैंक कर्मियों से रंगदारी के मामले में भी नामजद हैं। पुलिस ने अब इन बदमाशों की तलाश में कई जगह पर दबिश दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा।
पुलिस के मुताबिक उधम सिंह का गिरोह मेरठ के अलावा वेस्ट यूपी के जिलों में लूट, डकैती, रंगदारी और सुपारी लेकर हत्या की वारदात करता है। उधम को जेल भेजने के बाद अब पुलिस दोबारा से उसके साथियों का पता लगाकर कार्रवाई कर रही है। लिसाड़ीगेट पुलिस ने उधम गैंग के चार साथियों अश्वनी उर्फ छोटी निवासी करनावल, रंजीत निवासी गंगानगर, अब्दुल वाजिद निवासी जाकिर कॉलोनी और शाकिब निवासी बुनकरनगर लिसाड़ीगेट पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर दी है।
विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर देहलीगेट राजेंद्र त्यागी ने बताया कि 18 दिसंबर 2019 को चारों आरोपी पांच पिस्टल के साथ गिरफ्तार किए गए थे। एसटीएफ ने चारों को पकड़कर खुलासा किया था कि वह उधमसिंह के गिरोह से जुड़े हैं और हथियार सप्लाई करते हैं। नामजद आरोपी अश्वनी ने उधम के साथ मिलकर दो महीने पहले करनावल, सरूरपुर में बैंक कर्मियों से रंगदारी मांगी थी। इस केस में भी अश्वनी नामजद है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि इस गिरोह के बदमाश लगातार वारदात कर रहे हैं। इसलिए उन पर कार्रवाई की जा रही है।
चार थाने की पुलिस ने दी दबिश
- चारों बदमाशों की तलाश में चार थानेे की पुलिस ने शुक्रवार को कई जगह पर ताबड़तोड़ दबिश दी है। पुलिस ने बताया कि गंगानगर, सरूरपुर, लिसाड़ीगेट और देहलीगेट थाने की पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि चारों थाना पुलिस को निर्देश दिए है कि वह गैंगस्टर में निरुद्ध आरोपियों को गिरफ्तार करें। पुलिस उधम के साथियों की तलाश में लग रही है।