मकान, प्लॉट और बैंक बैलेंस भी जब्त, टीम ने कई घंटों तक की कार्रवाई
दुकानों की कुर्की के बाद प्रशासन की टीम आर्यपुरी पहुंची, जहां इनाम धुरी का 158.91 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बना मकान सूचीबद्ध था। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान को भी कुर्क कर लिया और बाहर नोटिस बोर्ड लगाकर इसे सरकारी अभिरक्षा में ले लिया।
इसके बाद गुलशन नगर मोहल्ले में इनाम धुरी के नाम दर्ज 240.28 वर्ग मीटर का प्लॉट भी जब्त कर लिया गया। यही नहीं, पुलिस ने इनाम धुरी की पत्नी विनी चौधरी के एचडीएफसी बैंक खाते में जमा ₹9,15,731 भी सीज कर लिए।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी अरविंद चौहान के आदेश और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई। कुर्की प्रक्रिया में एसडीएम निधि भारद्वाज, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन सिंह, कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री और कांधला प्रभारी सुनील कुमार मौजूद रहे।
साामान कुर्क कराती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
41 मुकदमों में आरोपी, पुलिस की अपराधियों पर लगातार कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि इनाम धुरी मुकीम गिरोह का अहम सदस्य है और लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय है। उसके खिलाफ 41 संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, अवैध हथियार, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे आरोप शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की अवैध कमाई और उनकी संपत्तियों पर अब लगातार एक्शन लिया जा रहा है ताकि उनके नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सके। इनाम धुरी की संपत्तियों की कुर्की इसी अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।