नकली दवाओं के सौदागर गैंगस्टर में निरुद्ध
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड पर पिछले वर्ष 25 लाख रुपये की नकली दवाओं के साथ गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को रविवार को गैंगस्टर में निरुद्ध कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस पंजीकृत कराया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम और लिसाड़ीगेट पुलिस ने जुलाई 2020 को नकली दवाओं के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए थे। इनमें जनेटा थाना बनियाठेर जनपद संभल हाल पता मोहल्ला चुस्ती पहलवान बागपत गेट निवासी अफसार खान, मुंडाली निवासी मुस्तकीम और मोहल्ला किला रुड़की थाना मंगलौर जिला हरिद्वार निवासी आदिल शामिल थे।
पुलिस जांच में पता चला था कि आरोपी काफी समय से नकली दवाओं की सप्लाई में लिप्त थे। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि रविवार को जिलाधिकारी के.बालाजी के अनुमोदन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई।