मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे के शिकार हुए तीनों बरातियों के शवों को परिजन सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद दिल्ली और गाजियाबाद अपने घर ले गए। तीनों का शव घर पहुंचते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक कार चालक के भाई दिनेश ने रोडवेज बस के अज्ञात चालक के विरुद्ध हादसे का मुकदमा दर्ज कराया है।
खतौली में जीटी रोड पर गांव तिगाई के पास रविवार को दिल्ली से चलकर हरिद्वार को जाने वाली खतौली रोडवेज डिपो की यात्रियों से भरी बस और देहरादून से शादी से लौट रहे बरातियों की ईको कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई थी। हादसे में कार चालक दिल्ली निवासी हरिपाल व उसके साथी दिल्ली के ही सरजीत और गाजियाबाद निवासी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार इनके साथी लाखन, मुकेश, गोपाल व सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस ने घायलों को मेरठ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। रविवार की शाम को ही परिजन खतौली थाने पहुंच गए थे। मृतक राजेश व सरजीत रेलवे विभाग में ठेकेदार के साथ ट्रेन में माल लादने के लिए मजदूरी करते थे। मृत कार चालक हरिपाल के भाई दिनेश ने रोडवेज बस के अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। सोमवार को परिजन पोस्टमार्टम कराने के बाद तीनों के शवों को अपने अपने घर ले गए। परिजनों ने गमगीन माहौल में शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/