सड़क हादसे की जानकारी देता कैंटर चालक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नेशनल हाईवे पर वहलना मोड़ के पास तेज रफ्तार पर वरना कार सड़क पर खड़े कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर के नीचे घुस गई और कैंटर पलट गया।
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों कार सवार दो लोग रुड़की, हरिद्वार और कैंटर सवार दो लोग हापुड़ के रहने वाले थे। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा शुक्रवार रात करीब पौने 12 बजे हुआ। हादसे में मरने वालों में कार सवार दानिश (30) पुत्र महमूद निवासी बीएसएम चौक रुड़की हरिद्वार और उनकी बहन रूबी (25), कैंटर सवार मोहम्मद वसीम (33) और भूरा पुत्र इंतजार गांव डेहरा, थाना धौलाना जिला हापुड़ के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि हाईवे संख्या 58 पर वहलना कट के पास कैंटर खराब हो गया था, कैंटर चालक सलीम, वसीम और भूरा उसके पास खड़े हुए थे। इसी दौरान दिल्ली से रुड़की जा रही वरना कार तेजी से आई और कैंटर के नीचे घुस गई।