उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ब्लैक फंगस के चार और नए मरीज मिले हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 204 पहुंच गई है, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में 199 मरीज दर्ज हैं। पांच मरीज निजी क्लिनिक पर आए हैं, जो अभी रिकॉर्ड में नहीं हैं। सोमवार को तीन मरीजों की मौत हुई है। दो मेडिकल और एक की मौत आनंद अस्पताल में हुई है। सोमवार को जिले में आठ मरीजों की छुट्टी हुई है। इस तरह 66 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है।
बता दें कि अब जिले में 116 सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी हैं। मेडिकल में 90 मरीजों का इलाज चल रहा है। 39 मरीज कोविड पॉजिटिव और 51 निगेटिव हैं। इनमें से 10 मरीज आईसीयू में गंभीर अवस्था में हैं। काला फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के 14 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है।
कोरोना के 84 मरीज मिले, पांच की मौत
मेरठ में कोरोना संक्रमण पहले से कम हुआ है। सोमवार को कोरोना के 84 नए मरीज मिले हैं, जबकि पांच की मौत हो गई। सोमवार को 7049 सैंपलों की जांच हुई। अब 2344 सक्रिय मामले हैं। अब तक 65324 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण से 774 लोगों की मौत दिखा रहा है। सोमवार को 272 मरीजों की छुट्टी हुई है। अब तक 54578 की छुट्टी हो चुकी है। लाल लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में कोविड 19 रोग से ग्रसित कुल 66 मरीज भर्ती हैं। पांच नए मरीज भर्ती हुए और नौ मरीजों के स्वस्थ हो जाने पर छुट्टी कर दी गई है।
गांवों में भी कोरोना कम होने लगा है। सोमवार को 3056 लोगों की जांच की गई। 30 कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें चार को एंटीजन में और 26 को आरटीपीसीआर में पुष्टि हुई। अब देहात में 681 मामले सक्रिय हैं। 204 को मेडिकल किट बांटी गई। यहां ऐसे 238 गांव हैं, जहां कोरोना के मरीज हैं। वहीं 340 गांव ऐसे हैं जहां कोरोना मरीज नहीं हैं। 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव सम्पन्न हुए, तब से कोरोना के मरीज काफी बढ़ गए थे।