स्कूल में घुसकर छात्राओं व शिक्षिकाओं की चाबुक से पिटाई मामले में बसपा नेता व पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी ने अब नया पैंतरा खेला है। रविवार को आबूलेन पर एक होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए याकूब की पुत्री आशमां के अधिवक्ता हरिओम शर्मा ने यह कहकर सनसनी फैलाने का प्रयास किया कि स्कूल में चाबुक से छात्राओं की पिटाई करने वाली महिला याकूब की पुत्री आशमां नहीं, बल्कि उसकी हमशक्ल है।
गौरतलब है कि हाल ही में बसपा नेता एवं पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार ने वेस्ट एंड रोड स्थित मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल पहुंचकर जमकर दबंगई दिखाई थी। इन लोगों ने पहले घोड़े की चाबुक से पहले एक छात्रा को पीटा और फिर शिक्षिकाओं पर चाबुक बरसाईं। पीड़ित छात्रा के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्कूल प्रशासन चुप्पी साधकर बैठा है।
इंस्पेक्टर सदर बाजार पंकज पंत के मुताबिक बसपा नेता याकूब कुरैशी के परिवार की दो बेटी कैंट स्थित एमपीजीएस (मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल) में कक्षा आठ में पढ़ती है। शुक्रवार को दोनों छात्राएं स्कूल नहीं आई थीं, जिसकी शिकायत उनकी क्लास की ही एक छात्रा ने शिक्षिका से कर दी। शनिवार को जब दोनों छात्राएं स्कूल में पहुंची तो शिक्षिका ने उन्हें डांटते हुए एक छात्रा को थप्पड़ मार दिया।