पूरा दिन कोल्ड डे कंडीशन
पिछले चार-पांच दिन से लगातार सर्दी का सितम बढ़ने के कारण दिन का तापमान 15 डिग्री के आसपास ही चल रहा है, जिस कारण से कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। हाथ पैर सुन्न व गलन वाली ठंड से आम जनमानस के साथ पशु पक्षी भी परेशान हैं। दोपहर बाद बादलों में छिपे सूरज ने दर्शन दिए, लेकिन ठंड के आगे धूप बेअसर रही। घरों में कैद लोग हीटर, अलाव आदि का सहारा लेकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
बारिश के भी आसार
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी सर्दी ऐसे ही रहेगी। कोहरा का असर दिखाई देगा और तापमान सामान्य से कम रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में फिर बारिश होने के आसार है, जिसका असर मैदानी क्षेत्र में भी साफ दिखाई देगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी और रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: Baghpat: सांसद चंद्रशेखर बोले-संसद में उठेगा जितेंद्र की मौत और उत्पीड़न का मुद्दा, पीएम को लेकर कही ये बात
कोहरे में सुरक्षित रहने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- धीमी गति से गाड़ी चलाएं, कोहरे में अचानक कोई चीज दिखने पर आपके पास एक्शन लेने का समय बचे
- लो बीम हेडलाइट या फ़ॉग लाइट का इस्तेमाल करें, हाई बीम लाइट से विज़िबिलिटी कम हो जाती है
- लेन मार्कर्स पर ध्यान दें, सिंगल लेन रोड पर बाईं तरफ रहें
- दूसरी कारों से दूरी बनाए रखें, अचानक ब्रेक न लगाएं, ब्रेक लगाने से पहले, एक्सीलेटर को धीरे-धीरे कम करें और पीछे वाले वाहन को धीमा करने के लिए धीरे-धीरे ब्रेक लगाएं
- मुश्किल परिस्थितियों में संगीत और ध्यान भटकाने वाली चीजों से बचें
- कोहरे में हवा में मौजूद प्रदूषकों से बचने के लिए मास्क या स्कार्फ पहनें
200 पार पहुंचा शहर का एक्यूआई, दूषित होने लगी हवा
ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। गुरुवार एक्यूआई 97 में दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को बढ़कर 222 के स्तर पर पहुंच गया। मेरठ के अलावा आस पास जिलों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा। गंगानगर में 215, जयभीमनगर में 167, पल्लवपुरम 288, दिल्ली रोड 270, बेगमपुल 259 एक्यूआई दर्ज किया गया।