परीक्षितगढ में मारपीट-पथराव में पांच लोग घायल
परीक्षितगढ। मोहल्ला मातावाला में शराब पीकर गाली गलौज कर रहे लोगों का विरोध करना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। उक्त लोगों ने दुकानदार के साथ मारपीट की तथा दुकान में तोड़फोड़ कर दी। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोग फिर से आमने-सामने आ गए। जमकर पथराव हुआ और लाठी-डंडे चले। जिसमें दुकानदार पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला मातावाला निवासी हरिया पुत्र मांगेराम की मोहल्ले में ही परचून की दुकान है। शनिवार रात आधा दर्जन से अधिक लोग हरिया की दुकान के सामने शराब के नशे में आपस में गाली गलौज कर रहे थे। जिसका हरिया ने विरोध किया। इस पर उक्त लोगों ने हरिय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और गल्ले से तीन हजार रुपये लूट लिए। मारपीट की सूचना पर दोनों समाज के लोग एकत्र हो गए और आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्षों में जमकर पथराव व लाठी-डंडे चले। जिसमें हरिया पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। झगडे़ की सूचना पर थानाध्यक्ष भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत किया। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाने पहुंच कर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। थानाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्र का कहना है कि दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है।
चिकित्सालय में तोड़फोड़ व चोरी
परीक्षितगढ़। मेरठ मार्ग पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे होम्योपैथिक चिकित्सालय के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने चिकित्सीय उपकरण चोरी कर लिए तथा चिकित्सालय में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। चिकित्सक ने थाने में तहरीर दी है।
शनिवार रात चोर होम्योपैथिक चिकित्सालय के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और चिकित्सीय उपकरण, अभिलेख, सरकारी पर्ची के जमा रुपये चोरी कर लिए तथा कूलर, पंखे, मेज, शीशे आदि में जमकर तोड़फोड़ कर फरार हो गए। रविवार सुबह सूचना पाकर पहुंचे चिकित्सक विकास तोमर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।