बदमाश ने बाइक पर जा रही महिला का कुंडल झटका, पीछा कर पुलिस से पकड़वाया आरोपी
परीक्षितगढ़। रविवार दोपहर पति के साथ बाइक पर मायके जा रही महिला के कान से बाइक सवार बदमाश ने कुंडल झटक लिया। दंपती ने बदमाश का पीछा किया। बदमाश बढ़ला मार्ग बाइक को छोड़कर खेत में छुप गया। पुलिस ने जंगल में कांबिंग करते हुए बदमाश को दबोच लिया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
थाना बहसूमा गांव सदर मोड़ निवासी रवि पुत्र ईश्वर बाइक पर पत्नी संदेश के साथ अपनी ससुराल गांव गोविंदपुर जा रहा था। बाइक सवार दंपती किठौर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए एक बदमाश ने रवि की पत्नी के कान से सोने का कुंडल झटक लिया और भागने लगा। रवि ने बाइक सवार बदमाश का पीछा किया। बदमाश अपने आप को घिरते देख गांव बढ़ला मार्ग नहर पटरी पर बाइक छोड़कर गेहूं के खेत में छिप गया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नहर पटरी के आसपास जंगल में कांबिंग की। पुलिस ने बदमाश को गेहूं के खेत से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।