हस्तिनापुर। थाना पुलिस व स्वॉट टीम की संयुक्त ने ट्रांसफार्मर व विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से काफी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है। गिरोह का सरगना अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांव सैफपुर कर्मचंदपुर से रानी नंगला जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के पास कुछ संदिग्ध वाहन खड़े देखे। ईख के खेत में छुपे कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए मौके से अंकित, गौरव निवासी गांव शाहकुलीपुर, प्रियांशु निवासी जयभीमनगर, गुड्डू उर्फ उवैश निवासी पचपैडा थाना भावनपुर, शाहबाज निवासी मोहल्ला बजरी सुभाष चौक थाना किला परीक्षितगढ़ को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक तमंचा, पिकअप, कार, बाइक व ट्रांसफार्मर चोरी करने में प्रयोग होने वाली चेन कुप्पी, व 17 चाबी, प्लास, हथौडे, वेल्डिंग मशीन, एक बंडल केबल आदि बरामद किए। आरोपियों की निशानदेही पर सात स्टार्टर व 40 किलो ट्रांसफार्मर का कॉयल/तार बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि फरार आरोपी रवि उर्फ लक्कड़ उनके गैंग का लीड़र है, जो कुछ समय पहले हत्या के मुकदमे में जेल से छूट कर आया है।
सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि चोरी के सामान की बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके अन्य साथी रवि उर्फ लक्कड, मंगल उर्फ देवेंद्र, गौरव, विपिन, वीर सिंह निवासी कुली मानपुर व भूपेंद्र निवासी जयभीमनगर थाना भावनपुर मौके से भाग गए। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।
इन गांवों के जंगल में की वारदात
आरोपियों ने गांव अकबरपुर गढ़ी, गुढ़ा, खाईखेड़ा, मटोरा, छबडिया, बहादुरपुर, मसूरी के जंगल से ट्रांसफार्मर, ट्यूबवेलों के स्टार्टर व केबल आदि सामान चोरी किया था। चोरी के माल को आरोपियों ने कबाड़ी गुड्डू उर्फ उवैश निवासी पचपैडा व शाहबाज निवासी बजरी सुभाष चौक परीक्षितगढ़ को हनुमान मंदिर के पास बेचा था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।