आज से सावन मास शुरू हो रहा है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भारी वाहनों की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में इसे रविवार रात 12 बजे से लागू कर दिया गया है। मेरठ, शामली और बागपत में नई व्यवस्था सोमवार से प्रभावी होगी।
सहारनपुर में मुख्य कांवड़ मार्ग के एक तरफ कांवड़िये तो दूसरी तरफ हल्के वाहन चलेंगे। बिजनौर में हरिद्वार की तरफ भारी वाहन नहीं भेजे जाएंगे। सिर्फ बस और कांवड़ियों के वाहन ही हरिद्वार में दाखिल हो सकेंगे। मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया है। रोडवेज बसों का रूट भी डायवर्ट किया गया है।
गाजियाबाद में रविवार रात 12 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो गया। हापुड़ में एनएच-9 पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो गया है, जबकि 26 जुलाई के बाद हाईवे और शहर के रूट वनवे कर दिए जाएंगे।
बैरिकेडिंग शुरू, संकेतक बोर्ड भी लगाए
पुलिस प्रशासन ने यातायात के लिए डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। सुबह 8 बजे से एक्सप्रेसवे और एनएच-58 पर भारी वाहन नहीं चलेंगे। यह व्यवस्था दो अगस्त की शाम छह बजे तक लागू रहेगी। वहीं, हाईवे पर बैरिकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाकर मोदीपुरम बाईपास पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। रविवार को पुलिस प्रशासन ने हाईवे पर संकेतक बोर्ड भी लगवाए ताकि शिवभक्त रास्ता न भटकें।
इस तरह होगा रूट डायवर्जन
दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें मुजफ्फरनगर, सहारनपुर हरिद्वार, देहरादून व बिजनौर जाना है, वे गाजियाबाद से हापुड़-बुलंदशहर बाईपास से हापुड़-किठौर फ्लाईओवर से किठौर से परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, मीरापुर, जानसठ से मुजफ्फरनगर की ओर जाएंगे। जिन वाहनों को हरिद्वार व देहरादून की ओर जाना है, वह मीरापुर से गंगा बैराज, बिजनौर, नजीबाबाद होकर हरिद्वार व देहरादून की ओर जाएंगे। यदि कोई वाहन हापुड़ के अंदर से होते हुए मेरठ की ओर आना चाह रहा है। ऐसे सभी वाहनों को पुलिस चौकी साईलों सेकंड हापुड़ से खरखौदा-मेरठ की ओर नहीं आने दिया जाएगा। किठौर रोड पर भेजा जाएगा।
दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाली रोडवेज बस व हल्के वाहन जिन्हें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून व बिजनौर के लिए मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे से होकर जाना है, वह थाना भोजपुर गाजियाबाद कट से हापुड़ शहर होते हुए साईलो सेकंड चौकी से किठौर रोड होकर कस्बा किठौर-हापुड़ चुंगी तिराहा से मेरठ शहर की ओर तथा कस्बा किठौर से परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर, जानसठ से मुजफ्फरनगर की ओर जाएंगे। जिन वाहनों को हरिद्वार व देहरादून की ओर जाना है, वह मीरापुर से गंगा बैराज, बिजनौर, नजीबाबाद होकर हरिद्वार व देहरादून की ओर जाएंगे।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ व बुलंदशहर की ओर जाना है, वह मीरापुर, बहसूमा, मवाना बस अड्डा पुलिस चौकी से किला परीक्षितगढ़ रोड की ओर डायवर्ट किए जाएंगे, जो कस्बा किठौर से हापुड़-बुलंदशहर बाईपास होते हुए दिल्ली, गाजियाबाद और बुलंदशहर की ओर जाएंगे। केवल बस अड्डा पुलिस चौकी मवाना से मेरठ तक आने वाले भारी वाहनों को ही मेरठ की ओर आने दिया जाएगा।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ व बुलंदशहर जाना है। वह मवाना पुलिस चौकी से कमिश्नर आवास चौराहा, जेलचुंगी, यूनिवर्सिटी, तेजगढ़ी चौराहा से सोहराबगेट बस अड्डे तक जा सकेंगी।
वापसी में तेजगढ़ी चौराहे से मेडिकल काॅलेज, कस्बा किठौर से हापुड़-बुलंदशहर बाईपास होते हुए दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ व बुलंदशहर जा सकेंगी। रोडवेज बसों को तेजगढ़ी चौराहे से एल-ब्लाॅक, खरखौदा की ओर हापुड़ रोड पर नहीं जाने दिया जाएगा।
मुरादाबाद-गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रुड़की, हरिद्वार, देहरादून की ओर जाना है वह थाना किठौर से किला परीक्षितगढ़ मार्ग पर डायवर्ट किए जाएंगे। जो मवाना, मीरापुर, बिजनौर, नजीबाबाद होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर, बिजनौर की ओर से आने वाले वाहन जिन्हें गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद की ओर जाना है। वह पुलिस चौकी बस स्टैंड मवाना से किला परीक्षितगढ़ रोड से किठौर होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर से आने वाले यात्री वाहन व रोडवेज बस आदि जिन्हें मेरठ होकर गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद की ओर जाना है, वह मीरापुर, मवाना होते हुए कमिश्नर आवास चौराहा से गढ़ रोड होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
मुरादाबाद-गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले यात्री वाहन व रोडवेज बस आदि जिन्हें मेरठ होकर देहरादून, हरिद्वार, सहारनुपर व मुजफ्फरनगर की ओर जाना है, ऐसे वाहन गढ़ रोड से कमिश्नर आवास चौराहे से मवाना, बहसूमा, मीरापुर, जानसठ, गंगा बैराज, बिजनौर नजीबाबाद होकर जाएंगे।