मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के घोपला मोड पर जलवायु टावर निवासी प्राॅपर्टी डीलर पर कार सवार आधा दर्जन युवकों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। आरोपी युवकों को गाली चलाता देखकर कार चला रहे मनीष शर्मा ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई।
शताब्दीनगर की जलवायु टावर काॅलोनी निवासी मनीष शर्मा अपने दोस्त देवराज के साथ परतापुर में प्रोपर्टी डीलर का ऑफिस चलाते है। रविवार रात मनीष शहर से दोस्त देवराज के साथ जलवायु टावर स्थित अपने घर लौट रहे थे। मनीष शर्मा के अनुसार वह कार में थे और उनका दोस्त स्कूटर से आगे था।इसी दौरान एक काले रंग की लेंसर गाडी ओवरटेक करने के बाद उनके आगे रूकी। उसमें सवार युवकों ने उनकी गाड़ी पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। उन्होंने नीचे झुककर जान बचाई। एक गोली गाड़ी के शीशे को चीरते हुए सीट मेें जा घुसी जबकि दूसरी गोली कार की नंबर प्लेट पर लगी। फायरिंग होती देख वह गाड़ी से उतरकर भागे। राहगीरों को आता देखकर आरोपी कार लेकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन उनका कोई सुराग नही मिला। माैके पर पहुंची फाेरेंसिक टीम ने जांच पडताल की। पुलिस मामले को प्रोपर्टी का पुराना विवाद होना मानकर चल रही है। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।