महिला थाने के बाहर खड़े वाहनों में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
बागपत में महिला थाने के सामने खड़े वाहनों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। आग से पांच वाहन जल गए। ये वाहन विभिन्न मुकदमों से संबंधित थे और कई सालों से थाने के बाहर खड़े हुए थे।
चमरावल रोड स्थित महिला थाने के बाहर पांच वाहन खड़े हुए थे। पुलिस ने इन्हें पकड़ कर यहां खड़ा कर रखा था। शुक्रवार की दोपहर अज्ञात कारणों से वाहनों में आग लग गई। वाहनों से आग की ऊंची-ऊंची लप्टे निकलने लगी। आग से विकराल रूप धारण कर लिया। इससे महिला पुलिस कर्मियों में अफरा तफरी मच गई। महिला थानाध्यक्ष नेहा चौहान ने दमकल विभाग को आग की सूचना दी। दमकल विभाग की गाड़ी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच वाहन आग की भेंट चढ़ चुके थे। वाहनों के साथ चोरी के मामले में पकड़े गए विद्युत केबिल भी जल गया।
महिला थानाध्यक्ष ने आशंका जताई कि किसी व्यक्ति ने सिगरेट पीकर फेंक दी। जिस कारण आग लग गई। आग से जले वाहन विभिन्न मुकदमों से संबंधित थे। कोतवाली पुलिस ने पकड़ कर इन्हें यहां खड़ा किया हुआ था। कई बार कोतवाली पुलिस को यहां से वाहन हटाने के लिए भी कहा गया, लेकिन वाहन नहीं हटाए गए। कोतवाली पुलिस को आग की जानकारी दे दी गई है।