उत्तर प्रदेश के मेरठ में जिला अस्पताल के प्रांगण में खड़े एक पेड़ पर मांझा पैरों में फंसने के कारण एक चील पेड़ पर लटक गई। काफी ऊंचाई पर लटके पक्षी को देखकर लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पक्षी को पेड़ से उतारकर सुरक्षित बचाया। बता दें कि चाइनीज मांझा न सिर्फ पक्षियों के लिए मुसीबत बन रहा है, बल्कि इंसानों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर रहा है। प्रशासन लगातार चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाता है लेकिन फिर भी चाइनीज मांझे की बिक्री बंद नहीं होती है। चाइनीज मांझे से सोमवार शाम को बेजुबान पक्षी की जान जाते-जाते बची।
दरअसल, जिला अस्पताल के आस पास काफी संख्या में ऊंचे पेड़ खड़े हुए हैं। यहां सोमवार को एक चील पेड़ से उलझे मांझे में पैर फंस जाने के कारण लटकी रह गई। चील के फड़फड़ाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाने के जतन किए लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और चील को कई घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा। देखें इस पक्षी रेस्क्यू की तस्वीरें।