जंबूदीप के समीप पीएनबी के एटीएम में लगी आग स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। जंबूदीप पुलिस चौकी के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रविवार की देर शाम अचानक आग लग गई और देखते-देखते एटीएम से आज की तेज लपटें दुकान से बाहर निकल रही थी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
ऐतिहासिक नगरी में प्राचीन हस्तिनापुर को देखने के लिए हर रोज हजारों पर्यटक सैलानी देश के विभिन्न हिस्सों से आते हैं। जिनकी सुविधा के लिए पंजाब नेशनल बैंक द्वारा जंबूदीप पुलिस चौकी के समीप एटीएम लगवाया गया था जिससे पर्यटक सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा मिल रही थी। शाम करीब साढ़े आठ बजे एटीएम में अचानक आग लग गई। एटीएम और उसमें रखी नगदी भी जल गई। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। कोई भी स्थानीय दुकानदार या पुलिस कर्मचारी आग के नजदीक नहीं पहुंच पा रहा था। उधर आग लगने से जंबूद्वीप तीर्थ क्षेत्र कमेटी के पदाधिकारी भी पूरी तरह भयभीत हो गए। सूचना पर पहुंचे दमकर्मियों की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। पुलिस चौकी से भी पुलिसकर्मियों ने दस्तावेज बाहर निकाल कर रख लिए। आग की लपटें पुलिस चौकी तक भी पहुंच रही थी। आग लगने का कारण अभी शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हस्तिनापुर पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक शैलेंद्र सिंह का कहना है कि सिक्योरिटी ऑफिसर को जांच के लिए बुलाया गया है। आग कैसे लगी अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। एटीएम में कितना कैश था इसकी स्थिति भी सोमवार को ही स्पष्ट हो सकेगी क्योंकि कैश डालने वाले अन्य स्टाफ है। संवाद