बेकाबू हो रहा बुखार, हर घर में मरीज
मेरठ। प्रदेश के कई जिलों में बुखार कहर बरपा रहा है। यहां जिले में भी बारिश और उमस बढ़ने के साथ ही मौसमी बीमारियों के साथ बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, डायरिया और टायफायड के मरीजों की अस्पतालों में भरमार है। बुखार तो बेकाबू ही होता जा रहा है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सोमवार को दोनों सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की कुल संख्या 2789 रही। इनमें जिला अस्पताल के 1178 और मेडिकल के 1611 रोगी शामिल रहे। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में पर्ची बनवाने वालों की भीड़ के बीच धक्का - मुक्की की नौबत बन रही है। अस्पतालों की व्यवस्थाएं लड़खड़ा रही हैं। अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।
पर्ची काउंटर खुलने के पहले ही मरीजों की भीड़ लग जाती है। 15-20 दिन पहले तक जिला अस्पताल में ओपीडी 600 से 700 थी, वहीं मेडिकल में 1000 से 1200 थी। अब काफी बढ़ गई है। बढ़ती मरीजों की संख्या का कारण मौसमी बीमारी है। इसमें ज्यादातर मरीज वायरल से पीड़ित हैं। इसके अतिरिक्त सर्दी और खांसी के मरीज भी आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि शरीर में दर्द, कंपकंपी के साथ आ रहा तेज बुखार लोगों की सेहत इस कदर कमजोर कर रहा है कि मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम बदलने के साथ सर्दी, जुकाम, खांसी, गले में दर्द, सिरदर्द, शरीर में दर्द, तेज बुखार हो रहा है।
--
वायरल बुखार के लक्षण
गले में दर्द, सिरदर्द, बुखार, शरीर में दर्द, चिड़चिड़ापन, सर्दी-खांसी
--
बचाव ऐसे करें
संतुलित आहार लें और रोजाना व्यायाम करें, वायरल फीवर आने पर डॉक्टर से संपर्क कर उचित दवा लें, अपने आहार में विटामिन-सी युक्त फलों और सब्जियों को जरूर शामिल करें । इसके लिए नींबू, संतरे, ब्रोकली, अनार, अंगूर ले सकते हैं,
बरसात के मौसम में दिन में सोने से परहेज करें, वायरल बुखार में दही, अचार आदि चीजों का सेवन न करें
--
कर्मचारियों को घर में घुसने से रोका तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना
मेरठ। महानगर में डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन गंभीर है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों को चेतावनी दी है कि अगर निगम के कर्मचारियों को घर में घुसने और एंटीलार्वा का छिड़काव करने से रोका गया तो 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सोमवार को नगरायुक्त मनीष बंसल, सीएमओ और जिला मलेरिया अधिकारी ने संयुक्त रूप से टाउन हॉल के तिलक भवन में नगर निगम सफाई इंस्पेक्टर और सफाई नायकों के साथ बैठक की। उन्होंने शहर में डेंगू मच्छर और बीमारी के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीएमओ ने डेंगू मच्छर और लार्वा की पहचान बताई। नगरायुक्त ने कहा कि सभी सफाई इंस्पेक्टर एंटी लार्वा छिड़काव में कतई लापरवाही न बरतें, अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
---
डेंगू के नौ मरीज मिले, संख्या हुई 30
मेरठ। सोमवार को डेंगू के नौ नए मरीज मिले। जिले में अब तक 30 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 18 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 12 मरीज ठीक हो चुके हैं। जो मरीज मिले हैं वह जानी, मलियाना, रजबन, सरूरपुर, लल्लापुरा और जाहिदपुर के रहने वाले हैं। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए पानी भरा न रहने दें। सोमवार को कोरोना के 4300 सैंपलों की जांच हुई। इनमें कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला। सक्रिय केस 6 हैं। इनमें से तीन अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो होम आइसोलेशन में हैं।